कानपुर देहात: युवक ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
कानपुर देहात के रनियां थाना क्षेत्र के फत्तेपुर रोशनाई गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। गांव निवासी 24 वर्षीय मोहित उर्फ विजय चौरसिया ने रविवार सुबह अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मोहित पिछले कुछ दिनों से गुमसुम रह रहा था। रविवार सुबह उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर छत के कुंडे से फंदा लगा लिया। जब उसकी भाभी चाय लेकर पहुंची और दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
परिजनों के काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा न खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। रनियां थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम मौके पर पहुंचे और दरवाजा तुड़वाया। कमरे के अंदर मोहित का शव फांसी पर लटका देख सभी के होश उड़ गए। बेटे की मौत से मां राजेश्वरी का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं भाई भी बिलख पड़े।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजन आत्महत्या के ठोस कारण नहीं बता पा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
