तांत्रिक का ‘भूत’ उतारकर पुलिस ने युवती से रेप के आरोपी को जेल भेजा, ब्लैकमेलिंग का भी आरोप
यूपी के आगरा में एक तांत्रिक ने ऊपरी साया बताकर एक युवती को हवस का शिकार बनाया। जिन्न भगाने के बहाने उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिए। बाद में इन वीडियो के जरिए युवती को ब्लैकमेल कर पैसे भी वसूले। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह घटना मलपुरा थाना क्षेत्र की है। 22 वर्षीय युवती अपनी भाभी के साथ राजस्थान में एक मंदिर में पूजा करने जाती थी। वहीं उसकी मुलाकात फतेहपुरसीकरी के जयप्रकाश उर्फ जया से हुई। तांत्रिक ने युवती के घर ऊपरी चक्कर बताकर तंत्र-मंत्र के बहाने युवती को कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। उसने युवती का वीडियो भी बना लिया।
तांत्रिक कई बार युवती के घर आया और तंत्र-मंत्र के नाम पर 61 हजार रुपये भी वसूले। हर बार वह युवती को कमरे में ले जाकर धमकी देता कि अगर किसी को कुछ बताया तो वीडियो वायरल कर देगा। युवती ने हिम्मत कर परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने तांत्रिक को पकड़ने की कोशिश की तो उसने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और कहा कि वह युवती से शादी करने को तैयार है। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
