एटीएस जोड़ रही कड़ियां: पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भटटी से जुड़े संदिग्ध आतंकियों की जांच तेज
उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट के बीच एटीएस आईएसआई और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भटटी व आबिद के इशारे पर देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में पकड़े गए संदिग्ध आतंकियों के विरुद्ध अपनी जांच तेज कर दी है। एटीएस को सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भटटी से जुड़े यूपी के कुछ अन्य युवकों के बारे में सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की छानबीन की जा रही है। एटीएस कमांडो को भी सक्रिय किया गया है।
एटीएस ने बलरामपुर से पकड़े गए संदिग्ध आतंकी शहरोज को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर लंबी पूछताछ की है। अब तक पकड़े गए डेढ़ दर्जन संदिग्ध आतंकियों के बीते दिनों के मूवमेंट की कड़ियों को भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े इन कट्टरपंथी युवकों का किन शहरों में अधिक मूवमेंट रहा है। इनके करीबियों को भी चिन्हित किया जा रहा है। अब तक 200 से अधिक संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी हो चुकी है। आशंका है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर से अलग-अलग ग्रुप के माध्यम से जुड़े संदिग्ध आतंकियों तक असलहे व विस्फोटक भी पहुंचाए गए हैं।
इस मामले में जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। पकड़े गए संदिग्धों के मोबाइल फोन से मिले पाकिस्तानी नंबरों को लेकर भी गहन छानबीन की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या ये आतंकी किसी बड़े हमले की फिराक में थे और उनका नेटवर्क कितना फैला हुआ है।
