लखनऊ: पानी की बाल्टी में डूबने से 6 माह के बच्चे की दर्दनाक मौत, माता-पिता सदमे में
लखनऊ शहर के पीजीआई क्षेत्र की सतगुरुपुरम कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बुधवार सुबह, एक छह माह का मासूम खेलते-खेलते घर में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। बच्चे की मां उसे बचाने के लिए कई अस्पतालों के चक्कर लगाती रही, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने पूरे मोहल्ले को गमगीन कर दिया है।
यह मासूम कुलदीप और शिवानी की पहली संतान था, जो पिछले डेढ़ साल से किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते थे। बुधवार सुबह, जब मां घर के कामों में व्यस्त थी, तब बच्चा खेलते हुए तख्त के नीचे रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। जब मां को बच्चे की हलचल नहीं दिखी तो तलाश करने पर वह बाल्टी में मिला। घबराहट में मां बच्चे को लेकर तुरंत अस्पताल भागी, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं सके।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही है। स्थानीय लोगों ने छोटे बच्चों वाले परिवारों से अपील की है कि वे घर में पानी से भरी बाल्टियों और अन्य खतरनाक वस्तुओं को बच्चों की पहुंच से दूर रखें, ताकि ऐसी अनहोनी घटनाओं को रोका जा सके।
