जियोटैग एप से समानांतर व्यवस्था खत्म करने की मांग, 73 हजार व्यापारी प्रभावित
भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार मंडल ने राज्य में जियोटैग एप के माध्यम से वाहन लोडिंग की समानांतर ऑनलाइन व्यवस्था को समाप्त करने की मांग उठाई है। मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को ज्ञापन सौंपकर इस व्यवस्था को खत्म करने की अपील की है।
व्यापारियों का कहना है कि 251 मंडियों में जियो एप से वाहन टैगिंग की समानांतर ऑनलाइन व्यवस्था, गेट पास में समय-सीमा संबंधी नियम, प्रोपराइटरशिप फर्मों को पार्टनरशिप में परिवर्तित करने के जटिल नियमों को वापस लिया जाना चाहिए। साथ ही, नए लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने की भी मांग की गई है।
इस व्यवस्था से प्रदेश के 73 हजार कृषि उत्पाद के थोक व्यापारी व उद्यमी, तथा 25 लाख से अधिक गल्ला, किराना व कृषि उत्पाद के फुटकर कारोबारी प्रभावित हो रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया कि मंडी परिषद के जटिल जियो वाहन टैगिंग व्यवस्था और गेट पास की बहुत कम समय सीमा के आदेशों से व्यापार में बाधा आ रही है।
इस समानांतर व्यवस्था के कारण छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी दैनिक आय पर भी असर पड़ रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांगों का अध्ययन कर समाधान का आश्वासन दिया है।
