आगरा में पानी की सप्लाई बाधित: 70 साल पुरानी पाइपलाइन बदलने से दो दिन रहेगा जल संकट, वैकल्पिक इंतजाम जारी
आगरा शहर में दो दिनों तक पानी का संकट गहराएगा। बिजलीघर चौराहा स्थित शिवाजी मार्केट के पास 70 साल पुरानी पानी की पाइपलाइन को बदलने का कार्य शनिवार शाम से शुरू हो गया है। इस कारण रविवार और सोमवार को शहर के लगभग 75 प्रतिशत इलाकों में जलापूर्ति नहीं हो पाएगी। जल संस्थान ने इस समस्या से निपटने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए हैं, जिसमें टैंकरों से पानी की सप्लाई शामिल है।
जलकल विभाग की टीम शनिवार शाम सात बजे से पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम कर रही है। नई लाइन बिछाने के बाद पुरानी लाइन को काटा जाएगा। महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि इस कार्य के चलते जीवनीमंडी वाटरवर्क्स, एमबीबीआर और सिकंदरा प्लांट से होने वाली जलापूर्ति प्रभावित होगी। 14 जुलाई की सुबह से ही जलापूर्ति सामान्य हो पाएगी। इस दौरान विशेष टीम टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने का काम करेगी।
पानी की किल्लत झेलने वाले प्रमुख इलाकों में ताजगंज, रकाबगंज, बालूगंज, छीपीटोला, नौलक्खा, फतेहाबाद रोड, गोबर चौकी, कोतवाली, दरेसी, रावतपाड़ा, बेलनगंज, छत्ता, कालामहल, अलबतिया रोड, सुभाष नगर, दयालबाग, बालाजीपुरम, सिकंदरा, आवास विकास कालोनी, पश्चिमपुरी, शास्त्रीपुरम, राजपुर चुंगी, शमसाबाद रोड और ट्रांस यमुना कालोनी शामिल हैं। आमजनता से अपील की गई है कि वे जल संस्थान द्वारा जारी किए गए टोलफ्री नंबर 18002702722 या कंट्रोल रूम नंबर 8192095401 पर संपर्क कर सकते हैं।
