कानपुर देहात: मानसिक तनाव से जूझ रही महिला ने फांसी लगाकर दी जान, जांच जारी
कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के हिलौठी गांव के मजरा टुर्रा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने घर के अंदर आंगन के जाल से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। महिला मानसिक तनाव से पीड़ित बताई जा रही थी और उसका इलाज भी चल रहा था।
घटना की जानकारी बुधवार सुबह फैलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, मृतका सुनील कुमार की पत्नी दीप शिखा थी, जिसकी शादी 2015 में हुई थी। वह लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रही थी। इस घटना ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है, खासकर बच्चों और सास का रो-रोकर बुरा हाल है।
गजनेर के एसओ सनत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने मानसिक तनाव को ही आत्महत्या का कारण बताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
