आगरा में सर्जन्स वीक: गायन और वादन से डॉक्टरों ने जीता दिल, ‘अजीब दास्ता है ये’ की प्रस्तुति रही खास
आगरा में सर्जन्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित सर्जन्स वीक के समापन पर एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। होटल एंथला में ‘फॉर द सर्जन्स, फ्रॉम द सर्जन्स’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में डॉक्टरों ने अपनी कला का अनूठा प्रदर्शन किया। डॉ. अमित श्रीवास्तव ने ‘पुकारता चला हूं मैं’ गीत से समां बांधा, वहीं डॉ. अनुपमा शर्मा ने सिंथेसाइजर पर ‘अजीब दास्ता है ये, कहां शुरू कहां खत्म…’ की प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया।
डॉ. एसके चंद्रा और डॉ. संजना महेश ने ‘जश्न ए चमन शोला बदन…’ गीत पर प्रस्तुति दी, जबकि डॉ. सिमरन गुप्ता ने ‘लग जा गले’ गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मनन श्रीवास्तव ने डेसी ब्वायज पर नृत्य प्रस्तुत किया। डॉ. विपुल अग्रवाल ने वाद्य यंत्रों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस आयोजन का उद्देश्य डॉक्टरों को उनकी व्यस्त दिनचर्या से हटकर कलात्मक गतिविधियों में शामिल होने का मंच प्रदान करना था, जिससे उनके मानसिक स्वास्थ्य और टीम भावना को बढ़ावा मिले।
कार्यक्रम के समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सर्जन्स एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. आनंद मिश्रा और सचिव डॉ. अक्षय आनंद को एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमित श्रीवास्तव और अन्य सदस्यों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमित श्रीवास्तव, ईसी मेंबर डॉ. समीर कुमार, डॉ. सुनील शर्मा सहित कई गणमान्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
