अलीगढ़ में जल निकासी सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने जाफरी ड्रेन की अवैध पुलिया ध्वस्त की
अलीगढ़ में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम सक्रिय हो गया है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बुधवार को जाफरी ड्रेन का निरीक्षण किया और वहां जल प्रवाह को बाधित कर रही अवैध पुलियों को ध्वस्त करवाया। इन पुलियों के निर्माण से ड्रेन का एक बड़ा हिस्सा पट गया था, जिससे बारिश के पानी की निकासी में गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही थी।
नगर निगम और सिंचाई विभाग ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर आयुक्त स्वयं मौके पर तीन से चार घंटे मौजूद रहे और मशीनों की मदद से अवैध अतिक्रमण को हटाया। जाफरी ड्रेन, जिसे ओज़ोन सिटी नहर के नाम से भी जाना जाता है, पर वैष्णो रॉयल सिटी फेज-3 के पास यह कार्रवाई की गई। नगर निगम की जेसीबी और पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल कर उन पुलियों को गिराया गया जो जल निकासी में बाधा डाल रही थीं।
नगर आयुक्त ने बताया कि यह सिर्फ शुरुआत है। जाफरी ड्रेन और अलीगढ़ ड्रेन पर ऐसी कुल पांच पुलियों को पहले चरण में तोड़ा जा रहा है। इनमें टंकी के पास, असादपुर कायम कट पर और सर वैष्णो रॉयल फेस 3 की पुलिया शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह से सुचारू करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन अवैध पुलियों को हटाने से न केवल जल निकासी सुधरेगी, बल्कि नागरिकों को जलभराव की समस्या से भी निजात मिलेगी। अगले सात दिनों में दोनों ड्रेनों से सभी अवैध निर्माण और पुलियों को हटाकर जल निकासी को प्रभावी बनाया जाएगा।
