ई-कार्ट से ऑफिस पहुंचे सीएसजेएमयू कुलपति, ऊर्जा संरक्षण की अनोखी पहल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा संरक्षण की अपील और देश में बढ़ते ईंधन संकट को ध्यान में रखते हुए कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने एक अनूठी पहल की है। मंगलवार सुबह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ई-कार्ट से अपने कार्यालय पहुंचे। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले कई अधिकारी भी पैदल ही अपने कार्यालयों की ओर जाते हुए नजर आए। कुलपति ने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को भी कार्यालय आने-जाने के लिए ई-कार्ट का प्रयोग करने का निर्देश दिया है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ईंधन की बचत करना और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। ई-कार्ट जैसे इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग न केवल ईंधन की खपत को कम करेगा, बल्कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी सहायक होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस तरह के छोटे कदम बड़े बदलाव ला सकते हैं और सार्वजनिक स्थानों पर ऊर्जा संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हैं।
