एनसीईआरटी लाइब्रेरियन की सेवानिवृत्ति उम्र 62 से 65 हुई, कैट का बड़ा फैसला
नई दिल्ली: केन्द्रीय प्रशासनिक पंचाट (कैट) ने राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के डिप्टी और असिस्टेंट लाइब्रेरियन के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कैट के आदेश के अनुसार, अब इन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु 62 वर्ष के बजाय 65 वर्ष होगी। कैट ने यह निर्णय इस आधार पर लिया कि एनसीईआरटी के लाइब्रेरियन, वहां कार्यरत प्रोफेसरों के समान ही योग्य और समान कार्य करते हैं।
एनसीईआरटी में लाइब्रेरियन की सेवानिवृत्ति की आयु को लेकर पहले भी बदलाव हुए थे। 12 जून 2018 को एनसीईआरटी की एग्जीक्यूटिव कमेटी ने इसे 65 वर्ष करने का निर्णय लिया था, जो प्रोफेसरों के समान था। हालांकि, 14 दिसंबर 2022 को एस्टैब्लिशमेंट कमेटी ने इसे घटाकर 62 वर्ष कर दिया था। इसी फैसले के खिलाफ मैसूर निवासी लाइब्रेरियन एस. नागाराज ने कैट में याचिका दायर की थी।
कैट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पाया कि लाइब्रेरियन का कार्य, वेतनमान और शैक्षणिक योग्यता प्रोफेसरों के समकक्ष है। वे प्रशिक्षण और अनुसंधान में भी योगदान देते हैं। इसलिए, उनकी सेवानिवृत्ति की आयु में अंतर नहीं किया जा सकता। कैट ने 62 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्ति के आदेश को रद्द करते हुए, मई 2025 में सेवानिवृत्त हुए एस. नागाराज को उनकी नौकरी पर वापस बहाल करने का भी आदेश दिया है। यह फैसला भविष्य में सभी लाइब्रेरियन पर लागू होगा।
