पाकिस्तान को ‘विश्व गुरु’ कहने वाले कांग्रेस नेता उदित राज, पीएम मोदी पर साधा निशाना
ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के बीच पाकिस्तान की मध्यस्थता की भूमिका पर चर्चा तेज है। इसी बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व सांसद उदित राज ने पाकिस्तान को ‘विश्व गुरु’ और ‘ग्लोबल लीडर’ कहकर संबोधित किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान ने युद्ध रुकवाकर यह ‘खिताब’ हासिल कर लिया है, जबकि मोदी की विदेश नीति के कारण भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
उदित राज ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘कांग्रेस ने जो करीब 70 साल में इज्जत कमाई, उसे पीएम मोदी ने बर्बाद कर दिया। पाकिस्तान ने अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध की मध्यस्थता करके विश्वगुरु का खिताब ले लिया।’ उन्होंने आगे कहा कि मोदी की निजी विदेशी यात्राओं के दौरान हुई हंसी-मजाक और जबरन गले मिलने की घटनाओं ने न केवल प्रधानमंत्री का, बल्कि पूरे देश का मजाक उड़वाया है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि ‘कंगाल और आतंकी पाकिस्तान’ ने कुछ देशों को अपने समर्थन में खड़ा कर लिया है और अब वह ‘ग्लोबल लीडर’ भी बन गया है। उदित राज के अनुसार, विदेश में रहने वाले भारतीयों ने शिकायत की है कि पाकिस्तानी और अन्य लोग उनका मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के अंदर झूठ चल सकता है, लेकिन विदेश में नहीं।
यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान अपनी सीमित भूमिका को भी बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है। पाकिस्तानी विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को कहा कि इस्लामाबाद को अब क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर एक ‘भरोसेमंद’ मध्यस्थ के रूप में मान्यता मिल रही है। उन्होंने ईरान-अमेरिका के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम समझौते को ‘हमारे पूरे नेतृत्व की सफलता’ बताया और कहा कि पूरी दुनिया इस्लामाबाद की ओर देख रही है।
