आगरा में मां की हैवानियत: बेटी को नाले में डुबोया, फिर पत्थर से कूच डाला; mother’s cruelty news
आगरा में एक मां की हैवानियत का मामला सामने आया है, जिसने अपनी ही दो साल की बेटी को मौत के घाट उतार दिया। यमुना किनारा मार्ग पर नाले के पास मिले मासूम के शव ने सभी को झकझोर दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि खुद बच्ची की मां ममता ने की थी। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मां की निर्ममता का खुलासा
मंगलवार शाम को आरती स्थल के पास नाले में बच्ची का शव मिला था। बच्ची के पिता रामू धाकरे ने शव की पहचान अपनी बेटी खुशी के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ममता से झगड़ा हुआ था और वह गुस्से में बच्ची को लेकर घर से निकल गई थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने ममता की तलाश शुरू की। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने और तीन टीमों के गठन के बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी मां को टूंडला के पास से पकड़ा।
पति से छुटकारा पाने की थी मंशा
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, पूछताछ में ममता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि बच्ची के रोने से वह गुस्से में आ गई थी और उसे नाले में फेंक दिया। जब बच्ची सांस नहीं ले रही थी, तो उसने पास पड़े पत्थर से उसका चेहरा कुचल दिया। ममता ने यह भी बताया कि वह अपने पति से छुटकारा पाना चाहती थी और बच्ची को साथ लेकर कहां जाती, इस बात से परेशान थी। फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
