कानपुर देहात news: अकबरपुर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत
कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कानपुर-झांसी हाईवे पर माती फायर स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कानपुर नगर के बिकरू चौबेपुर निवासी अमरचंद्र (35) के रूप में हुई है। अमरचंद्र अपनी ससुराल गजनेर थाना क्षेत्र के कौसम गांव आया हुआ था। रात में वह अपनी बाइक से अकबरपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती अपने साले की पत्नी क्षमा को देखने जा रहा था। रास्ते में यह हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। अस्पताल पहुंचे परिजनों को जब अमरचंद्र की मौत की खबर मिली तो कोहराम मच गया। पत्नी काजल और मां मुक्तादेवी सहित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन चालक की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
