UP weather news: बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल को भारी नुकसान, किसानों की बढ़ी चिंता
जनपद में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज आंधी के साथ हुई इस बारिश ने रबी की फसल, खासकर गेहूं को भारी नुकसान पहुंचाया है। किसानों के अनुसार, खेतों में खड़ी पकी हुई फसलें आंधी के कारण गिर गई हैं, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। वहीं, जो फसलें काटकर खेतों में रखी थीं, वे भी बारिश में भीग गई हैं।
किसानों को सबसे बड़ी चिंता यह है कि लगातार नमी के कारण गेहूं का दाना काला पड़ सकता है। इससे न केवल फसल की गुणवत्ता खराब होगी, बल्कि बाजार में इसका मूल्य भी कम मिलेगा। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की कटाई और मढ़ाई का काम चल रहा था, लेकिन बारिश के कारण यह पूरी तरह से रुक गया है।
स्थानीय किसान नरेश कुमार ने बताया कि बेमौसम बारिश ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया है। लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के कारण किसान कटाई और मढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। इसका सीधा असर फसल की पैदावार पर पड़ेगा। बारिश के कारण स्थानीय बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
