CSJMU news: पूर्व छात्र सम्मेलन ‘नॉस्टैल्जिया’ का पोस्टर लॉन्च, 18 अप्रैल को होगा आयोजन
कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट द्वारा आयोजित होने वाले पूर्व छात्र सम्मेलन ‘नॉस्टैल्जिया’ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को इस कार्यक्रम का पोस्टर लॉन्च किया गया। 18 अप्रैल को होने वाला यह सम्मेलन पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच अनुभव साझा करने और नेटवर्किंग का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि नैरोलैक पेंट्स के चीफ बिजनेस ऑफिसर राम मल्होत्रा होंगे, जो CSJMU के 1992-1994 बैच के पूर्व छात्र हैं। स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट की डीन प्रो. अंशु यादव ने बताया कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि रिश्तों, यादों और उपलब्धियों का उत्सव है।
विश्वविद्यालय परिसर एलुमिनाई एसोसिएशन के निदेशक डॉ. विवेक सिंह सचान ने कहा कि इस तरह के सम्मेलन वर्तमान छात्रों को इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और इंडस्ट्री की वास्तविक जरूरतों को समझने में मदद करते हैं। यह पूर्व छात्रों के अनुभव से सीखने का अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर डॉ. सुदेश श्रीवास्तव, डॉ. अर्पणा कटियार, डॉ. वारसी सिंह, डॉ. सिधांशु राय सहित कई संकाय सदस्य मौजूद रहे।
