कानपुर के रावतपुर में नाली विवाद पर दो पक्षों में मारपीट, video viral
कानपुर के रावतपुर क्षेत्र में नाली के पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आनंद नगर इलाके में दो पड़ोसी परिवारों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब एक पक्ष के मूलचंद ने आरोप लगाया कि पड़ोसी महेश राजपूत ने उन्हें गाली-गलौज दी। विरोध करने पर महेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर मूलचंद के घर में घुसकर हमला कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष के महेश राजपूत ने भी मूलचंद और उनके बेटों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर रहे हैं। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
स्थानीय पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
