अतरौली में गेहूं खरीद पर संकट: बारिश से भीगे गेहूं को खरीदने से इनकार, किसान परेशान (Ateroli news)
अतरौली तहसील में इन दिनों गेहूं खरीद को लेकर किसानों में भारी असमंजस है। प्रशासन एक ओर बारिश से हुए फसल नुकसान को शून्य मान रहा है, वहीं दूसरी ओर क्रय केंद्र प्रभारी बारिश से भीगे गेहूं को खरीदने से इनकार कर रहे हैं। किसानों का गेहूं बारिश में भीगने से उसका रंग उतर गया है, जिसे ‘लश्चर लॉस’ कहा जाता है। क्रय केंद्र प्रभारियों का कहना है कि जब तक ‘लश्चर लॉस’ गेहूं खरीद का आदेश नहीं आता, वे इसे खरीदने में असमर्थ हैं।
क्रय केंद्र प्रभारियों ने बताई समस्या
बृहस्पतिवार को एसडीएम सुमित सिंह ने क्रय केंद्र प्रभारियों और सहकारी समितियों के सचिवों के साथ बैठक की। एसडीएम ने सरकारी गाइडलाइन के अनुसार खरीद करने और किसानों को पीने के पानी, बारदाना व बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में क्रय केंद्र प्रभारियों ने बताया कि इस समय जो गेहूं आ रहा है, उसमें 60 से 90 प्रतिशत तक लश्चर लॉस है। सरकारी आदेश साफ और चमकदार गेहूं खरीदने का है। जब किसान को मना किया जाता है तो वह झगड़ा करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक लश्चर लॉस गेहूं खरीद का आदेश नहीं आ जाता, वे भीगे गेहूं को नहीं खरीदेंगे।
एसडीएम ने दिया समाधान का आश्वासन
एसडीएम ने इस पर कहा कि उच्चाधिकारी शासन से संपर्क में हैं और जल्द ही कोई समाधान निकलने की उम्मीद है। उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारियों को किसानों की समस्याओं को समझते हुए समाधान निकालने के निर्देश दिए।
दो गांवों में क्रय केंद्र खुलवाने की मांग
इस बीच, गहतोली निर्मल और नहल गांव के किसानों ने एसडीएम से शिकायत की है कि उनकी साधन सहकारी समितियों पर अभी तक सरकारी खरीद केंद्र नहीं खुले हैं। इससे वे अपना गेहूं सरकारी समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पा रहे हैं। किसानों ने जल्द से जल्द क्रय केंद्र खुलवाने की मांग की है।
