UP School News: यूपी में परिषदीय स्कूलों का नया शैक्षिक कैलेंडर जारी, गर्मी-सर्दी की छुट्टियों का हुआ ऐलान
उत्तर प्रदेश सरकार ने परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए शैक्षिक सत्र 2026-27 का कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर के अनुसार, छात्रों को गर्मी और सर्दी दोनों में लंबी छुट्टियां मिलेंगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 मई से 15 जून तक रहेगा, जबकि शीतकालीन अवकाश 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक निर्धारित किया गया है।
नए कैलेंडर में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। उच्च प्राथमिक स्कूलों में छात्रों को तनाव से बचाने के लिए काउंसिलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में किशोरावस्था की समस्याओं, परीक्षा के तनाव और आत्मविश्वास विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही, छात्रों का स्क्रीन टाइम कम करने और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग की लत को रोकने के लिए पठन संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रार्थना सभाओं में अनिवार्य रूप से समाचार पत्र पढ़े जाएंगे और पुस्तकालय की पुस्तकों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं। अर्द्धवार्षिक परीक्षा में 50 प्रतिशत से कम अंक लाने वाले कमजोर छात्रों को चिह्नित किया जाएगा और उनकी विशेष पढ़ाई कराई जाएगी। पाठ्यक्रम को मासिक आधार पर विभाजित किया गया है, जिसमें मई तक 20 प्रतिशत और फरवरी 2027 तक शत-प्रतिशत पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य होगा।
स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक विद्यालय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेंगे, जबकि 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक समय सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रहेगा। इसके अलावा, हर शनिवार को ‘बैगलेस डे’ मनाया जाएगा। इस दिन बच्चों के लिए बाल मनोविज्ञान पर आधारित शैक्षिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
