Yogi Adityanath ने असम में कहा- यूपी में अब सड़क पर नमाज नहीं होती, कर्फ्यू भी नहीं लगता
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने असम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने यूपी की कानून व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि अब यूपी में कर्फ्यू नहीं लगता। उन्होंने कहा कि यूपी में अब सड़क पर नमाज नहीं पढ़ी जाती है। अगर किसी ने दंगा करने का दुस्साहस किया तो उसकी संपत्ति जब्त कर गरीबों और दलितों में बांट दी जाती है। योगी ने कहा कि यूपी में अब किसी धर्म से चिल्लाने की आवाज नहीं आती है।
योगी ने कहा कि हम कहते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। कांग्रेस ने कहा कि राम तो हुए ही नहीं। कांग्रेस के सहयोगियों ने राम के अस्तित्व को नकारने का काम किया। लेकिन, भाजपा की डबल इंजन की सरकार में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो गया। उन्होंने कहा कि जब अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के लिए आंदोलन चलता था, असम से भी लोग आते थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और यूडीएफ ने असम की संस्कृति के साथ खिलवाड़ किया। घुसपैठियों की एंट्री करवाकर यहां की डेमोग्राफी को बिगाड़ने का काम किया। असम के लोगों के मकान, जमीन पर कब्जा कराने का प्रयास किया। विकास और विरासत को आगे बढ़ाने के लिए हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है। असम में घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर कराने की व्यवस्था की जा रही है। एनडीए का संकल्प है कि असम को लैंड जिहाद और लव जिहाद की धरती नहीं बनने देंगे, यहां घुसपैठ नहीं होने देंगे।
