कानपुर किडनी कांड से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 19 सेकंड के इस वीडियो में किडनी रैकेट का आरोपी डॉ. अफजल कल्याणपुर के एक होटल में...
कानपुर किडनी कांड से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 19 सेकंड के इस वीडियो में किडनी रैकेट का आरोपी डॉ. अफजल कल्याणपुर के एक होटल में नजर आ रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बिस्तर पर पांच सौ रुपये के नोटों की कई गड्डियां बिछी हुई हैं। डॉ. अफजल एक गड्डी उठाकर हवा कर रहा है, जबकि परवेज सैफी नाम का दूसरा आरोपी इसका वीडियो बना रहा है। बाद में दोनों बिस्तर पर बैठ जाते हैं। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने पुष्टि की है कि यह वीडियो किडनी ऑपरेशन के बाद का है। डॉ. अफजल का मेरठ में क्लीनिक है और वह अपने घर और क्लीनिक पर ताला लगाकर फरार है। दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
डीसीपी के अनुसार, परवेज सैफी कार चलाता है और जब भी डॉ. अफजल कानपुर ऑपरेशन के लिए आता था, परवेज ही उसे लाता था। परवेज को अफजल के अवैध कारनामों की पूरी जानकारी है। वह खुद भी अपराधी है और गाजियाबाद में उसके खिलाफ सात से आठ मामले दर्ज हैं, जिसके चलते वह ढाई साल जेल में भी रह चुका है।
इस बीच, कानपुर किडनी कांड में एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। कल्याणपुर का शिवम, जो केवल आठवीं पास है, एंबुलेंस चलाता था लेकिन किडनी ट्रांसप्लांट जैसे बड़े ऑपरेशन के बाद वह गले में स्टेथोस्कोप और मुंह पर मास्क पहनकर मरीजों को भी चेक करता था। साउथ अफ्रीका की युवती अरेबिका को ऑपरेशन के बाद चेक करते हुए उसका एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसी वीडियो के अंत में अभिजीत नाम के एक डोनर से पूछताछ का वीडियो भी है, जिससे पुलिस को अंदाजा है कि अरेबिका को कोलकाता के युवक की किडनी लगाई गई है।
साउथ अफ्रीका की युवती अरेबिका का ऑपरेशन आहूजा अस्पताल में 3 मार्च 2026 को हुआ था। पुलिस को ऑपरेशन के वीडियो एजेंट शिवम के मोबाइल से मिले हैं। सोशल मीडिया पर अरेबिका को लेकर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में शिवम मास्क लगाए अरेबिका की जांच कर रहा है। दूसरे वीडियो में एक व्यक्ति अरेबिका से उसका हालचाल पूछ रहा है। वीडियो में उसकी आवाज आ रही है, लेकिन वह बोलने का प्रयास करती है और पेट व पीठ में दर्द बताती है। उसे चेक कर रहा व्यक्ति कहता है कि इंजेक्शन दे दिया जाएगा और वह ठीक है। वीडियो के अंत में एक युवक से बातचीत है, जो अपना नाम अभिजीत मुखर्जी, पिता सुदीप मुखर्जी और कोलकाता का निवासी बताता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अरेबिका को इसी युवक की किडनी लगाई गई है और पुलिस अभिजीत की तलाश कर रही है। डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि सुदीप मुखर्जी कोलकाता का रहने वाला है और किडनी डोनर है, जिसकी किडनी अरेबिका को लगी है, इसकी जांच की जा रही है।