सुशांत गोल्फ सिटी लूटकांड: कई संदिग्ध हिरासत में, नवागत डीसीपी ने पीड़ितों से की मुलाकात
सुशांत गोल्फ सिटी के माईजी का पुरवा गांव में दुकानदार के परिवारीजनों को बंधक बनाकर असलहों से लैस बदमाशों द्वारा लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ में पुलिस को अहम जानकारी मिली है, जिसके आधार पर रायबरेली, सुलतानपुर और उन्नाव में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
नवागत पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद गुरुवार दोपहर माईजी का पुरवा गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित आशीष यादव और राजपाल व उनके परिवारीजनों से मुलाकात की। उनसे घटना की जानकारी ली और उन्हें जल्द घटना के खुलासे और बदमाशों को जेल भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने मातहतों को अहम निर्देश भी दिए।
यह घटना मंगलवार देर रात हुई थी, जब बदमाशों ने माईजी का पुरवा में दो घरों में धावा बोला था। उन्होंने आशीष की पत्नी को असलहे के बल पर बंधक बना लिया था। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी पांच साल की बेटी को छीन लिया था। इसके बाद वे घर में रखे जेवर और नकदी लूटकर बच्ची को थोड़ी दूर ले जाकर छोड़ दिया और फिर भाग निकले। ग्रामीणों के पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग की और फरार हो गए। इस घटना ने स्थानीय निवासियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है, और पुलिस पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
