नेपाल संग साहित्य, विज्ञान और AI पर काम करेगा CSJM, शिक्षा सहयोग का ‘AI’ pact
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) और नेपाल के विश्वविद्यालयों के बीच साहित्य, विज्ञान, तकनीकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। यह सहमति काठमांडू में आयोजित इंडो-नेपाल एजुकेशनल समिट-2026 के दौरान बनी, जहाँ उच्च शिक्षा, अनुसंधान और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर गहन चर्चा हुई।
इस दो दिवसीय समिट में सीएसजेएमयू के प्रतिनिधियों के साथ त्रिभुवन विश्वविद्यालय काठमांडू, लिंकन एकेडमी मैक्सवे इंटरनेशनल और संवृद्धि एजुकेशनल कंसल्टेंसी प्रा. लि. नेपाल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सीएसजेएमयू की ओर से सीडीसी निदेशक प्रो. आरके द्विवेदी के नेतृत्व में 23 सदस्यीय दल शामिल हुआ। त्रिभुवन विश्वविद्यालय के डॉ. एसएन चौधरी और संवृद्धि एजुकेशनल कंसलटेंसी के रविशंकर देव ने बताया कि यह सहयोग दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखते हुए AI और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में ज्ञान और संसाधनों के आदान-प्रदान को सुगम बनाएगा।
इस पहल से दोनों देशों के विश्वविद्यालयों के छात्रों को नवीनतम तकनीकी ज्ञान और अनुसंधान के अवसरों का लाभ मिलेगा, जिससे अकादमिक और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
