रोगों पर काबू पाने को एंटीलार्वा, स्प्रे-फॉगिंग नियमित होगी: स्वास्थ्य विभाग की तैयारी
जनपद में संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन ने विशेष ‘दस्तक अभियान’ चलाने की योजना बनाई है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए द्वितीय जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में विस्तृत मंथन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वीरेंद्र सिंह ने अप्रैल में प्रस्तावित इस अभियान के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायत विभाग को निर्देश दिया गया है कि जनपद के सभी गांवों और नगर पालिका व नगर क्षेत्रों में एक रोस्टर बनाकर नियमित रूप से एंटीलार्वा का छिड़काव, फॉगिंग और नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए। कृषि विभाग के अधिकारी चूहे और छछूंदरों से फैलने वाले रोगों के संबंध में जनमानस में जागरूकता लाने का कार्य करेंगे।
इसी प्रकार, पशुपालन विभाग पशुओं से होने वाले रोगों के बारे में लोगों को जागरूक करेगा। स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और सभी विभाग मिलकर लू से बचाव के उपायों के बारे में भी जनमानस को जागरूक करेंगे। सभी विभाग एक अप्रैल को विभिन्न गतिविधियों के साथ इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना और मौसमी बीमारियों के प्रसार को रोकना है।
