लखनऊ: महिलाओं से मोबाइल लूटने वाला शातिर गिरफ्तार, तीन मोबाइल बरामद
लखनऊ के पीजीआई थाना पुलिस ने महिलाओं से मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस को आरोपी के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन और वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई एक बाइक भी बरामद हुई है। सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश पुत्र जगन्नाथ मौर्य निवासी ग्राम खसरवारा, थाना बंथरा के रूप में हुई है। उसे रविवार की रात उतरेटिया रेलवे लाइन स्थित शहीद पथ अंडरपास के पास से पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी बंथरा क्षेत्र में एक होम्योपैथिक स्टोर पर काम करता था और अपनी पैसों की जरूरतें पूरी करने के लिए महिलाओं को अपना निशाना बनाकर मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सुरेश ने 17 मार्च को सैनिक नगर तेलीबाग के पास कृतिका श्रीवास्तव से मोबाइल छीना था, जिसकी रिपोर्ट 29 मार्च को दर्ज कराई गई थी। इसी दिन सैनिक नगर कॉलोनी निवासी पूनम तिवारी से भी मोबाइल लूटा गया था, जिसका मुकदमा 20 मार्च को दर्ज हुआ था। इसके अलावा, 11 मार्च को कृष्णा विहार पाठकपुरम निवासी श्वेता मिश्रा से पाठकपुरम जाते समय मोबाइल लूटा गया था, जिसकी रिपोर्ट पुलिस ने 29 मार्च को दर्ज की थी। इन घटनाओं से आम जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ रही थी, जिसके मद्देनजर पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण है।
