मौसा ने किया दुष्कर्म का प्रयास, विरोध पर किशोरी को गोमती में फेंककर की हत्या, Lucknow crime news
लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में एक मौसा ने अपनी 17 वर्षीय भतीजी की निर्मम हत्या कर दी। घटना बुधवार शाम पीपा पुल के पास हुई, जब आरोपी ने किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने किशोरी को गोमती नदी में धक्का देकर फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में, आरोपी ने अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस की जांच में सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आई। फुटेज में किशोरी को मौसा के साथ बाइक पर नदी की ओर जाते देखा गया। शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी मौसा को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि किशोरी अपने भाई के साथ कई सालों से मौसा-मौसी के साथ रह रही थी। आरोपी ने पहले कार सवारों द्वारा अपहरण की कहानी बताई थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर वह फंस गया।
राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी का शव बरामद किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना पाया गया है, साथ ही दुष्कर्म की आशंका को लेकर स्लाइड भी बनाई गई है। किशोरी के भाई की तहरीर पर पहले अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे अब हत्या की धारा में तरमीम किया जाएगा। आरोपी मौसा पहले भी किशोरी से छेड़छाड़ कर चुका था, लेकिन भाई-बहन उसके घर पर रहते थे, इसलिए वे विरोध नहीं कर पाते थे। पत्नी ने भी बताया कि आरोपी शादी के बाद भी महिलाओं से छेड़छाड़ करता था।
