कानपुर में रेलवे ब्रिज पर काम: आगरा इंटरसिटी समेत कई ट्रेनों का बदला रूट, यात्रियों को परेशानी
कानपुर सेंट्रल से कानपुर पुल बायां किनारा के बीच रेलवे ब्रिज पर होने वाले इंजीनियरिंग कार्य के कारण लखनऊ से कानपुर का रेल यातायात 2 अप्रैल से 13 मई तक काफी प्रभावित रहेगा। इस अवधि में आगरा इंटरसिटी, झांसी इंटरसिटी, पुणे एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें लखनऊ नहीं पहुंचेंगी।
ट्रेनों का बदला हुआ रूट
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार, कई ट्रेनों को या तो बीच रास्ते में रोका जाएगा या वहीं से वापस चलाया जाएगा। आगरा फोर्ट-लखनऊ जं. एक्सप्रेस (12180/12179) अब कानपुर सेंट्रल तक ही आएगी और वहीं से आगरा के लिए रवाना होगी। इसी प्रकार, झांसी-लखनऊ इंटरसिटी (11109/11110) और पुणे-लखनऊ जं. एक्सप्रेस (12103/12104) भी लखनऊ के बजाय कानपुर सेंट्रल से ही संचालित होंगी। कासगंज-लखनऊ जं. पैसेंजर (55346/55345) का संचालन भी कानपुर अनवरगंज तक सीमित कर दिया गया है।
लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी असर
ब्रिज ब्लॉक के कारण नई दिल्ली-बरौनी (02564), नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल (02570), उदयपुर-कामाख्या (19615) और यशवंतपुर-गोरखपुर (22534) जैसी कई लंबी दूरी की ट्रेनें भी लखनऊ नहीं आएंगी। नई दिल्ली-लखनऊ जं. शताब्दी एक्सप्रेस (12004) को गाजियाबाद-मुरादाबाद के रास्ते चलाया जाएगा, जिससे यह अलीगढ़, टूंडला और कानपुर जैसे स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेनें बुढ़वल-सीतापुर-शाहजहांपुर मार्ग से चलेंगी। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सीतापुर एक्सप्रेस जैसी कुछ ट्रेनों के कानपुर में ढाई घंटे तक देरी से चलने की भी संभावना है, जिससे यात्रियों की समय-सारणी प्रभावित होगी।
