कानपुर में करंट लगने से मजदूर की मौत, बकरी को बचाने गया था; ग्रामीणों ने किया हंगामा
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां 50 वर्षीय मजदूर सुरजन कोरी की करंट लगने से मौत हो गई। सुरजन अपनी बकरियां चरा रहे थे, तभी एक बकरी शाइन सिटी कार्यालय के पास बिजली के तार की चपेट में आ गई। बकरी को बचाने के लिए सुरजन डंडा लेकर पहुंचे, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। बुरी तरह झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि बिजली का एक पोल पूरी तरह से झुका हुआ है, जिसके कारण तार झूल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार जेई और एसडीओ से शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली विभाग की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है।
दूसरी ओर, सरसौल एसडीओ विनीत चौधरी ने लापरवाही के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि घटना मुख्य लाइन से जुड़े एक पतले तार में करंट आने के कारण हुई है। वहीं, महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
