यूपी में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया UP Weather Update
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
तेज अंधड़ के कारण कई तरह के खतरे पैदा हो सकते हैं। होर्डिंग, टिनशेड और छप्पर गिरने की आशंका है। पुराने पेड़, बिजली के खंभे और जर्जर भवन भी गिर सकते हैं। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बाहर निकलने से बचें।
मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और मैदानी इलाकों में बने मौसमी तंत्र के कारण हो रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन अब अगले तीन-चार दिनों में दिन और रात के तापमान में व्यापक गिरावट की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 मार्च को पूरे यूपी में आंधी के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। यह सिलसिला 21 मार्च तक रुक-रुककर जारी रह सकता है। अंधड़ के दौरान उड़ती धूल और नमी से सांस संबंधी परेशानी बढ़ सकती है, इसलिए अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
