UP Police Exam विवाद: लखनऊ में युवक ने आत्मदाह की कोशिश की, दरोगा भर्ती परीक्षा के सवाल पर हंगामा
लखनऊ में पुलिस भर्ती बोर्ड मुख्यालय के बाहर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने खुद को आग लगाने की कोशिश की। युवक ने दरोगा भर्ती परीक्षा (UP Police Exam) में एक विवादित प्रश्न को लेकर यह कदम उठाया। युवक का आरोप है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र में ‘पंडित’ शब्द को ‘अवसरवादी’ के विकल्प के रूप में शामिल किया गया था, जिससे ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। बुलंदशहर निवासी दीपक शर्मा नामक इस युवक ने भर्ती बोर्ड के गेट पर केरोसीन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और घटना को टाल दिया।
दीपक शर्मा ने बताया कि 14 तारीख को आयोजित सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में यह प्रश्न पूछा गया था। प्रश्न में ‘अवसर के अनुसार बदल जाने वाले व्यक्ति’ के लिए सही शब्द चुनने को कहा गया था, और विकल्पों में ‘पंडित’ भी शामिल था। युवक का कहना है कि उसने इस मामले में हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कई दिनों तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। इससे नाराज होकर वह विरोध प्रदर्शन करने भर्ती बोर्ड पहुंचा। उसके पास एक बैनर भी था जिस पर लिखा था, ‘ब्राह्मण का अपमान नहीं सहा जाएगा।’
इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। बांदा सदर के विधायक प्रकाश द्विवेदी ने इस प्रश्न को गलत बताते हुए कहा कि ‘पंडित’ शब्द सम्मान और विद्वता का प्रतीक है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस विवादित प्रश्न का संज्ञान लिया है और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर हुसैनगंज थाने भेज दिया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
