CSJMU Exam Date: 11 अप्रैल से शुरू होंगी सम सेमेस्टर परीक्षाएं, जारी हुआ शेड्यूल
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) से संबद्ध कॉलेजों के छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। विश्वविद्यालय ने सम सेमेस्टर परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया और इटावा जिलों के महाविद्यालयों में 11 अप्रैल से परीक्षाएं शुरू होंगी।
परीक्षा नियंत्रक के अनुसार, स्नातक (द्वितीय, चतुर्थ, षष्ठम सेमेस्टर) और परास्नातक (द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर) स्तर की परीक्षाएं बहुविकल्पीय (MCQ) पैटर्न पर आधारित होंगी। ये परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। स्नातक में माइनर विषयों की परीक्षाएं मेजर विषयों से अलग संपन्न कराई जाएंगी।
हालांकि, एलएलबी और बीएएलएलबी पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं सब्जेक्टिव (लिखित) होंगी और ये दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय ने समर्थ पोर्टल के माध्यम से परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे शेड्यूल को ध्यान से देखें। यदि किसी छात्र को परीक्षा कार्यक्रम के संबंध में कोई आपत्ति है, तो वे 18 मार्च तक विश्वविद्यालय की ईमेल आईडी पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
