माफिया से मुक्त जमीन पर बनेंगे गरीबों के घर: Yogi Adityanath
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के तहत 90,000 लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 900 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिन्होंने वर्षों तक आम जनता का शोषण किया है, अब उनसे ब्याज सहित भरपाई का समय आ गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पिछली सरकारों में पाले गए माफियाओं ने गरीबों का हक छीना और जमीनें कब्जाईं, लेकिन अब उन्हीं जमीनों पर गरीबों के लिए घर बनेंगे।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार 25 करोड़ जनता को परिवार मानकर बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल मकान देना नहीं, बल्कि गरीबों को सम्मानजनक जीवन देना है, जिसमें घर के साथ शौचालय, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित हों।
पिछली सरकारों पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले गरीबों के लिए आवास योजनाएं होने के बावजूद उनका लाभ नहीं मिल पाता था, क्योंकि प्रदेश सरकार में इच्छाशक्ति की कमी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें केवल अपने परिवार और नातेदारों तक सीमित थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने “25 करोड़ प्रदेशवासी ही परिवार हैं” की सोच के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक लगभग 62 लाख परिवारों को इस योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जा चुका है।
यूपी बना ग्रोथ इंजन
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पहले गरीब और वंचित को बिना भेदभाव योजना का लाभ मिले। इसी दृष्टिकोण के साथ किए गए कार्यों का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश आज ‘बीमारू राज्य’ की छवि से निकल कर देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह डबल इंजन सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और गांव, गरीब, किसान, युवा व महिलाओं के लिए समर्पित प्रयासों के चलते संभव हुआ है।
