UP में Smart Meter उपभोक्ताओं को झटका, 1.47 लाख कनेक्शन अभी भी कटे
उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर (smart meter) प्रणाली लागू होने के बाद से बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई चुनौतियां सामने आई हैं। प्रदेश भर में 1.47 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में अभी भी बिजली नहीं है, क्योंकि उनके स्मार्ट मीटर का बैलेंस नेगेटिव हो चुका है। पावर कॉरपोरेशन ने 13 मार्च से इस प्रणाली को सख्ती से लागू किया है, जिसके तहत नेगेटिव बैलेंस होते ही कनेक्शन स्वतः कट जाता है।
निगम के आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 2,23,765 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे। इनमें से 76,209 उपभोक्ताओं ने तुरंत मीटर रिचार्ज करवाकर बिजली आपूर्ति बहाल करवा ली, लेकिन 1,47,556 उपभोक्ता अभी भी अंधेरे में हैं।
पावर कॉरपोरेशन ने इन उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है कि यदि वे ‘कटिया’ डालकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए तो उन पर विधिक कार्रवाई की जाएगी और मुकदमा दर्ज होगा। साथ ही, निगम ने एक नई सुविधा भी दी है। उपभोक्ता अपने कुल बकाया का 50 प्रतिशत भुगतान करके तीन दिनों के लिए कनेक्शन जुड़वा सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा केवल एक बार के लिए ही उपलब्ध है और उन्हें तीन दिनों के भीतर शेष राशि का भुगतान करना होगा।
प्रदेश में लगभग 70 लाख स्मार्ट मीटर प्रीपेड मोड में काम कर रहे हैं। निगम का कहना है कि 78 लाख स्मार्ट मीटरों में से 50 लाख से अधिक का बैलेंस नेगेटिव है, जिससे यह समस्या बड़े पैमाने पर सामने आई है।
