कानपुर में महिला होमगार्ड से मारपीट, प्रेमी ने सरेराह पीटा (Kanpur crime news)
कानपुर के गोविंदनगर क्षेत्र में एक महिला होमगार्ड के साथ सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है। महिला होमगार्ड अपने एक रिश्तेदार से बात कर रही थी, तभी उसके प्रेमी ने उसे बुरी तरह पीटा। यह घटना मिल्क बोर्ड चौकी के पास हुई, जहां लोगों की भीड़ ने आरोपी प्रेमी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी और फिर पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला होमगार्ड बर्रा इलाके की रहने वाली है और उसका फतेहपुर के जहानाबाद निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। शनिवार शाम महिला होमगार्ड मिल्क बोर्ड चौकी के पास प्रेमी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसका एक रिश्तेदार वहां आ गया और दोनों आपस में बात करने लगे।
महिला को किसी और युवक से बात करते देख प्रेमी गुस्से में आ गया। उसने बिना कुछ कहे महिला होमगार्ड पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। जब रिश्तेदार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो प्रेमी ने उसे भी पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ ने महिला के साथ मारपीट करने वाले प्रेमी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है।
