Kanpur news: अस्पताल में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया गलत इंजेक्शन का आरोप
कानपुर के सनिगवां क्षेत्र में एक अस्पताल में इलाज के दौरान 34 वर्षीय युवक जुगुल किशोर की मौत होने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने और गलत इंजेक्शन लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
मृतक जुगुल किशोर सनिगवां के रहने वाले थे और पेशे से बाइक मैकेनिक थे। उनके परिवार में पत्नी दीपाली वर्मा और तीन बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर रात जुगुल को सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी, जिसके बाद उन्हें सनिगवां स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जुगुल के छोटे भाई जीतू वर्मा ने बताया कि अस्पताल ने इलाज के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये ले लिए थे। शनिवार दोपहर को अचानक डॉक्टरों ने जुगुल की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जब परिजन आईसीयू में गए तो जुगुल को मृत पाया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही और गलत इंजेक्शन के कारण जुगुल की मौत हुई है।
सनिगवां चौकी प्रभारी भरत पाठक ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
