यूपी के गांव में पशुओं में FMD disease का प्रकोप, किसानों ने की जांच की मांग
कासगंज जिले के गंजडुंडवारा ब्लॉक के गांव चिना नगला में पिछले कुछ दिनों से पशुओं में खुरपका-मुंहपका रोग तेजी से फैल रहा है। इस बीमारी के कारण पशुपालक किसानों में चिंता का माहौल है। गांव के कई पशु इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में पशुधन के नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि बीमारी के कारण पशुओं के मुंह में छाले पड़ रहे हैं, उन्हें तेज बुखार आ रहा है और खुरों में घाव हो रहे हैं। इन लक्षणों के चलते पशु ठीक से चारा नहीं खा पा रहे हैं और उनकी हालत लगातार कमजोर होती जा रही है। गांव के किसान कमल फूल, संजीव कुमार, राम निवास, हरीराम, फूल सिंह और राजीव सहित अन्य ग्रामीणों ने पशु चिकित्सा विभाग से जल्द से जल्द परीक्षण कराने और दवाइयां उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि वे अपने स्तर पर चिकित्सकों से दवा लेकर पशुओं को ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन विभागीय टीम के परीक्षण और टीकाकरण से पशु जल्द स्वस्थ हो जाएंगे।
वहीं, पशु चिकित्सा विभाग के गंजडुंडवारा ब्लॉक क्षेत्र के प्रभारी डॉ. महेंद्र वर्मा ने बताया कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है और हो सकता है कि यह गांव छूट गया हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही गांव नगला चिना में पशुओं का परीक्षण कराया जाएगा और उन्हें आवश्यक दवाइयां व वैक्सीनेशन उपलब्ध कराया जाएगा।
