Aligarh news: कासिमपुर में 657 करोड़ के निवेश से विकास को मिलेगी नई गति, SDM ने की जांच
अलीगढ़ के कासिमपुर क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी ने 657 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस संबंध में भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों की जांच करने के लिए एसडीएम कोल महिमा राजपूत ने मंगलवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान एसडीएम ने पाया कि क्षेत्र में संचालित यह इकाई पिछले लगभग 16 वर्षों से स्थापित है और वर्तमान में कंपनी द्वारा किसी प्रकार का अनधिकृत कब्जा नहीं किया गया है।
एसडीएम कोल ने बताया कि ग्राम कासिमपुर में विभिन्न गाटा संख्याओं में कंपनी की इकाई संचालित है। कंपनी परिसर में कुछ स्थानों पर ग्राम समाज की भूमि जैसे गूल और चकमार्ग के आंशिक भाग आते हैं। इन भूखंडों के संबंध में कंपनी द्वारा पूर्व वर्ष में भूमि एक्सचेंज का प्रस्ताव दिया गया था, जो विचाराधीन है। कंपनी ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत 657 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इस बड़े निवेश से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की पूरी संभावना है।
कंपनी ने अपने सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत भी कई पहल की हैं। ग्रामवासियों और वर्तमान व पूर्व ग्राम प्रधान की उपस्थिति में हुई बैठकों के बाद कंपनी ने बहउद्देश्यीय मैरिज हॉल के निर्माण और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीनीकरण के लिए 50.25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई है। वर्तमान में कंपनी द्वारा गाटा संख्या 252 पर मार्ग की साफ-सफाई और नाले के निर्माण के लिए खुदाई का कार्य कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पाया कि मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सुचारू है और किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं है।
