LDA के Narmada Apartment की लॉटरी 12 मार्च को, 300 luxury flats का होगा आवंटन
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने गोमतीनगर विस्तार में स्थित अपनी महत्वाकांक्षी नर्मदा अपार्टमेंट परियोजना के फ्लैटों के आवंटन की तारीख तय कर दी है। इन फ्लैटों का आवंटन 12 मार्च को लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। प्राधिकरण के अपर सचिव ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है और लॉटरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए एक समिति का भी गठन किया गया है।
लॉटरी की प्रक्रिया 12 मार्च को सुबह 9 बजे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स हॉल में शुरू होगी। इस दौरान सभी श्रेणियों के आवेदकों के बीच फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा। समिति के सदस्य मौके पर मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
नर्मदा अपार्टमेंट परियोजना गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-4 में जी-20 रोड के पास विकसित की जा रही है। यह परियोजना करीब 30 मंजिल ऊंची होगी और इसमें लगभग 300 luxury flats (3BHK) और 12 पेंटहाउस बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल लगभग 2100 वर्गफुट है, जिसकी शुरुआती कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
परियोजना में निवासियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं, जिनमें जिम, स्विमिंग पूल, क्लब हाउस, पार्क, बच्चों के खेलने की जगह और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था शामिल है।
