Aligarh news: राजा महेंद्र प्रताप विवि में छात्रों ने पेश किए वैज्ञानिक समाधान, जीता पुरस्कार
राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय, अलीगढ़ में आयोजित ‘आरंभ: वैज्ञानिक क्लब उद्घाटन समारोह’ के तहत छात्रों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जहाँ विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक से जुड़े कई भविष्य-उन्मुख विचार प्रस्तुत किए। छात्रों ने वैश्विक वैज्ञानिक चुनौतियों के समाधान से जुड़े मौलिक और रचनात्मक विचार सामने रखे।
प्रतियोगिता में छात्रों ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने मॉडल प्रस्तुत किए। छात्र आदर्श कुमार ने सीआरआईएसपीआर तकनीक का उपयोग करके पॉपलर पेड़ों से पर्यावरण-अनुकूल तरीके से लिथियम प्राप्त करने का मॉडल प्रस्तुत किया। एमएससी की छात्रा शैली ने नवजात शिशुओं को रैश से बचाने के लिए कम लागत वाला ‘बेबी-सेफ बायो-शील्ड’ कपड़ा प्रस्तावित किया।
अन्य नवाचारों में शिवानी ने केले के छिलके से बने बायोसेंसर पैच के माध्यम से मलेरिया की लगातार पहचान की अवधारणा प्रस्तुत की। काजल, प्राची, अनाम्या, सृष्टि एवं सौम्या ने ऐसे पौधों के विकास का मॉडल प्रस्तुत किया जो पर्यावरणीय तनाव और रोगों के प्रति अधिक सहनशील हों। वहीं आमिर माविया ने ‘न्यूरल रिपेयर’ का अभिनव विचार प्रस्तुत किया, जिसमें ‘एक्सोसोम-लोडेड बायो-इंक’ के माध्यम से मस्तिष्क की चोटों और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र के पुनर्जीवन की संभावना बताई गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बलजीत सिंह (उप निदेशक, उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश) और विशेष अतिथि डॉ. विश्वजीत जादौन (उद्यमी एवं नवाचार विशेषज्ञ) उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में बीएससी के छात्र इमरान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर संयोजक डॉ. प्रियम सिंह, डॉ. दिव्या गुप्ता, डॉ. हरज्ञान, डॉ. रितु, डॉ. सुमित, डॉ. अवधेश, डॉ. ज़ेबा और डॉ. अशोक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
