UP में Adventure Tourism को बढ़ावा देने के लिए नई नीति, निवेशकों को मिलेगी 40 करोड़ तक की छूट
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में साहसिक पर्यटन (Adventure Tourism) को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वाकांक्षी कदम उठाया है। पर्यटन विभाग ने प्रदेश को रोमांच, नवाचार और अनुभव आधारित पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के लक्ष्य के साथ एक नई नीति की शुरुआत की है। इस पहल के तहत, प्रदेशभर में साहसिक पर्यटन परियोजनाओं में निवेश करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और उद्यमियों को आमंत्रित किया गया है। सरकार का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म के सशक्त गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
निवेशकों के लिए विशेष प्रोत्साहन
प्रदेश सरकार ने इस नीति के तहत निवेशकों को आकर्षक प्रोत्साहन देने की घोषणा की है। निवेश के आकार के आधार पर 40 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। नीति के अनुसार, 10 लाख से 10 करोड़ रुपये तक के निवेश पर 25 प्रतिशत की सब्सिडी (अधिकतम 02 करोड़ रुपये) मिलेगी। 50 करोड़ रुपये तक के निवेश पर 20 फीसदी (अधिकतम 7.5 करोड़ रुपये) और 200 करोड़ रुपये तक के निवेश पर 15 प्रतिशत (अधिकतम 20 करोड़ रुपये) की छूट दी जाएगी। 500 करोड़ रुपये तक के निवेश पर 10 प्रतिशत (अधिकतम 25 करोड़ रुपये) और 500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर भी 10 प्रतिशत सब्सिडी (अधिकतम 40 करोड़ रुपये) का प्रावधान है।
अतिरिक्त रियायतें और श्रेणियां
सरकार ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए कई अन्य रियायतें भी दी हैं। इसमें 100 प्रतिशत स्टांप शुल्क में छूट और सभी पर्यटन इकाइयों के लिए भूमि परिवर्तन एवं विकास शुल्क में पूर्ण छूट शामिल है। अनुसूचित जाति/जनजाति और महिला उद्यमियों को 5 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटकों की रुचि और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को तीन प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है: भूमि आधारित, जल आधारित और वायु आधारित एडवेंचर टूरिज्म। भूमि आधारित साहसिक पर्यटन के अंतर्गत एटीवी टूर, बंजी जंपिंग, साइकिलिंग टूर, जीप सफारी और मोटरसाइकिल टूर जैसी गतिविधियां शामिल हैं। जल आधारित एडवेंचर टूरिज्म में कयाकिंग, राफ्टिंग, रिवर क्रूज़िंग और आधुनिक वाटर स्पोर्ट्स सेंटर जैसी गतिविधियां होंगी। वहीं, वायु आधारित एडवेंचर टूरिज्म के तहत हॉट एयर बैलूनिंग, पैराग्लाइडिंग और स्काईडाइविंग जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
