लखनऊ में CM योगी की मां पर टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन, Maulana Abdullah का पुतला फूंका
लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर युवाओं ने बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के संबंध में मौलाना द्वारा की गई अभद्र और भड़काऊ टिप्पणी के विरोध में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मौलाना अब्दुल्ला का पुतला फूंका और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारी युवाओं ने मुख्यमंत्री की मां की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि चार दिन के भीतर मौलाना अब्दुल्ला की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो यह आंदोलन पूरे उत्तर प्रदेश में फैल जाएगा। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने एक धार्मिक सभा में मुख्यमंत्री की माता के बारे में अमर्यादित टिप्पणी की थी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मंच से ऐसी भड़काऊ भाषा का प्रयोग न केवल सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ता है, बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती पैदा करता है। मौलाना ने यूपी में लागू गोकशी विरोधी कानून के खिलाफ मुस्लिम समुदाय को भड़काने के उद्देश्य से भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। प्रदर्शन कर रहे युवाओं को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन देकर शांत कराया।
