सोरों: शिव मंदिर जा रही युवती से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी फरार
सोरों कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शिव मंदिर पर पूजा करने जा रही युवती को एक आरोपी ने पीछे से आकर पकड़ लिया। आरोपी ने युवती को जबरदस्ती खींचकर मंदिर की छत पर बने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती के चीखने-चिल्लाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिससे आरोपी भाग निकला। घर पहुंचकर युवती ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी।
इसके बाद युवती के पिता ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता ने बताया कि एक मार्च की सुबह उनकी बेटी गांव के शिव मंदिर में पूजा करने गई थी, तभी आरोपी ने उसे गलत नीयत से खींच लिया।
प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश है और लोगों ने त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
