कानपुर में थार सवार दबंगों का आतंक, हार्न बजाने पर पति पर जानलेवा हमला, महिला से बैड टच
स्वरूप नगर में बीच सड़क खड़ी कार को हार्न बजाने पर थार सवार दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक की कार में तोड़फोड़ की और उसकी पत्नी से छेड़छाड़ भी की। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है, जो सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती गुंडागर्दी की ओर इशारा करती है।
पीड़िता की तहरीर के अनुसार, बुधवार को वह अपने पति के साथ घर लौट रही थी। स्वरूप नगर में सड़क पर खड़ी एक कार को देखकर पति ने हार्न बजाया। इस पर दबंगों ने पहले तो गाड़ी नहीं हटाई, फिर अचानक थार को बैक करके युवक की कार में टक्कर मार दी। जब युवक ने आपत्ति जताई तो दबंगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया और गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश की।
आरोप है कि पति को बचाने आई महिला से भी दबंगों ने छेड़छाड़ की और धमकी देकर फरार हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी ईंट-पत्थर से कार तोड़ते हुए दिख रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हर्षवर्धन, विक्रांत अग्निहोत्री और अभिषेक त्रिपाठी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और उनकी तलाश जारी है।
