अलीगढ़ में Road Accident: सड़क किनारे खड़ी कार से टकराई बाइक, तीन मजदूर गंभीर घायल
अलीगढ़ के मडराक थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना हाजीपुर चौहट्टा के पास हुई, जब एक बाइक सड़क किनारे खड़ी क्षतिग्रस्त कार से टकरा गई। बाइक पर सवार तीनों मजदूर मजदूरी करके अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रोरावर थाना क्षेत्र के शाहजमाल नीवरी निवासी शाहिद अपने दो दोस्तों परवेज और आदिल के साथ मजदूरी करने गए थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस आ रहे थे। रात के समय हाजीपुर चौहट्टा के पास सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त कार खड़ी थी, जिससे उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर हाईवे एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
