Aligarh news: कांवड़ यात्रा के लिए नगर निगम की तैयारी, 850 अतिरिक्त लाइटें लगेंगी, 1260 सफाईकर्मी तैनात
महाशिवरात्रि के पावन पर्व से पहले अलीगढ़ नगर निगम ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को तेज कर दिया है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ मार्गों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और कचरा निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में नगर आयुक्त ने क्वार्सी चौराहे से खेरेश्वर धाम तक के निर्धारित कांवड़ मार्ग पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पथप्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 850 से अधिक अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए। ये लाइटें फ्लैक्स और हैलोजन वाली होंगी ताकि कांवड़ियों को रात में भी मार्ग स्पष्ट दिखाई दे।
नगर निगम ने कांवड़ मार्ग पर 1260 सफाई कर्मचारियों को तैनात करने की योजना बनाई है। इन कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से नगर निगम की वर्दी में ही ड्यूटी करनी होगी। बिना वर्दी के पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी और अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, आवारा पशुओं को कांवड़ मार्गों से हटाने और खुले में पशु छोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मार्ग पर कंकड़, पत्थर और गड्ढों को भरकर समतल करने का काम भी शुरू हो गया है। कचरा उठान के लिए 50 टाटा टेम्पो टिपर लगाए जाएंगे।
