कानपुर में सांड का आतंक: परचून दुकानदार की जान लेने के बाद फरार हुआ ‘हत्यारा’ सांड, तलाश जारी
कानपुर शहर में आवारा पशुओं का आतंक एक बार फिर सामने आया है। किदवईनगर थाना क्षेत्र के बारादेवी इलाके में एक आवारा सांड ने 82 वर्षीय परचून दुकानदार प्रकाश नारायण तिवारी पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींगों से उठाकर पटक दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। यह घटना शनिवार सुबह की है जब प्रकाश नारायण तिवारी अपने बेटे के साथ सब्जी लेने निकले थे।
घटना के बाद से ही ‘हत्यारा’ सांड फरार है। नगर निगम की कैटिल कैचिंग टीमों ने सांड को पकड़ने के लिए सघन अभियान चलाया। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के निर्देश पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके निरंजन ने चार टीमें गठित कीं। इन टीमों ने किदवई नगर, बारादेवी, जूही और आसपास के कई इलाकों में सांड की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।
अब नगर निगम की टीमें सांड को पकड़ने के लिए तकनीक का सहारा ले रही हैं। कैटिल कैचिंग टीम स्मार्ट सिटी के सिटी कमांड कंट्रोल से जुड़े सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कैमरों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर सांड किस दिशा में भागा। टीम ने नगर आयुक्त को रिपोर्ट भेजी है कि 10 फरवरी को फिर से उसकी तलाश की जाएगी।
