अखिलेश यादव पर नंदी का तंज, बोले- राहुल गांधी से भी बुरा होगा हाल
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का राजनीतिक हश्र कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी बदतर होगा। नंदी ने यह टिप्पणी कानपुर में एक कार्यक्रम के दौरान की, जहां उन्होंने अखिलेश की पीडीए (PDA) रणनीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश सिर्फ मुस्लिम वोटों को साधने के लिए हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
नंदी ने अखिलेश की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रणनीति को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने अपने चाचा, भाई-भतीजा और यहां तक कि बुआ-मामा के लड़कों को भी राजनीति में ले आए हैं। नंदी ने कहा कि अखिलेश का एकमात्र मकसद किसी भी तरह मुस्लिम वोट हासिल करना है, जिसके लिए वह प्रदेश में जंगलराज वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस तरह राहुल गांधी को किनारे लगाया है, वैसा ही अखिलेश के साथ भी होना है।
इस दौरान नंदी ने केंद्र सरकार के अंतरिम बजट पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी रोडमैप है। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तुलना एक गृहिणी से की, जो घर की हर आवश्यकता का संतुलन बनाती है। नंदी ने दावा किया कि यह बजट 140 करोड़ भारतीयों की खुशहाली और समृद्धि की गारंटी है, जो देश के आर्थिक विकास को नई रफ्तार देगा।
कानपुर के प्रभारी मंत्री रह चुके नंदी ने शहर के विकास पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सरकार कानपुर को उसका पुराना औद्योगिक स्वरूप वापस दिलाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कानपुर को एक बार फिर देश-दुनिया में चमकाने के लिए लेदर के अलावा गारमेंट और होजरी सेक्टर को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
