UP Budget Session: आज से शुरू यूपी विधानसभा का बजट सत्र, 11 विधेयक लाएगी सरकार, विपक्ष ने कसी कमर
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। यह सत्र 20 फरवरी तक चलेगा। सत्र के दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी, वहीं विपक्ष ने महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं।
सत्र की शुरुआत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण से होगी। पहले दिन ही सदन में 11 विधेयकों को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार, 11 फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा बजट पेश किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने सरकार को घेरने के लिए रणनीति बनाई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विधायकों के साथ बैठक कर कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील से खेती-किसानी पर संकट आएगा। विपक्ष ने बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब मांगने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र से पहले भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में विधायकों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान भी विधायक अपना कार्यालय खोलें और एसआईआर का काम प्रभावित न होने दें।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी दलीय नेताओं से सदन में शालीनता और संसदीय मर्यादा बनाए रखने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर देर शाम तक कार्यवाही संचालित की जाएगी।
