यूपी में युवाओं को मिलेगा रोजगार, ITI-पॉलिटेक्निक में शुरू होंगे ODOP Skill Development कोर्स
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के युवाओं को स्थानीय उद्योगों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए एक नई पहल की है। अब आईटीआई और पॉलिटेक्निक जैसे तकनीकी संस्थानों में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के तहत विशेष पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा, जेवर एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर और अलीगढ़ के ताला उद्योग जैसे उभरते औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी नए ट्रेड और कौशल आधारित पाठ्यक्रम तैयार किए जाएंगे।
हाल ही में अलीगढ़ दौरे पर आए मुख्यमंत्री के शिक्षा सलाहकार प्रो. डीपी सिंह ने मंडलीय अधिकारियों के साथ बैठक में इस बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में मैन पावर की कमी नहीं है, लेकिन युवाओं को सही दिशा देने की जरूरत है। उन्होंने स्किल मैपिंग के जरिए कौशल और उद्योग की मांग के बीच के अंतर को कम करने की आवश्यकता बताई।
प्रो. सिंह ने कहा कि अलीगढ़ के ताला उद्योग, हाथरस की हींग और इगलास के चमचम जैसे स्थानीय उत्पादों को ध्यान में रखकर पाठ्यक्रम तैयार किए जाने चाहिए। इससे छात्रों को अपने ही जनपद में रोजगार और कारोबार करने का मौका मिलेगा। सरकार भी वन डिस्ट्रिक्ट वन स्किल के तहत स्थानीय उत्पादों और उद्योगों से जुड़े कौशल को बढ़ावा दे रही है। इस पहल से छात्रों को सीधे रोजगार के अवसर मिल सकेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
