लखनऊ में राज्यपाल ने UP NCC cadets को किया सम्मानित, RDC 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान
एनसीसी निदेशालय (उत्तर प्रदेश) की ओर से लखनऊ के जनभवन में अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रहीं, जिन्होंने गणतंत्र दिवस शिविर (RDC) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के एनसीसी कैडेटों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने कैडेटों के समर्पण, लगन और राष्ट्र सेवा की भावना की प्रशंसा की।
RDC 2026 में उत्तर प्रदेश के 11 एनसीसी ग्रुपों से कुल 127 कैडेटों ने कर्नल अमिताभ कुमार के नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधित्व किया था। इन कैडेटों ने अनुशासन, समन्वय, नेतृत्व और सांस्कृतिक उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों का प्रदर्शन किया। राज्यपाल ने मेधावी कैडेटों को स्वर्ण और रजत पदक प्रदान किए।
समारोह में एनसीसी ग्रुप गाजियाबाद को इंटर-ग्रुप कंपीटिशन बैनर से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत सामुदायिक प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता के रूप में प्रशिक्षित उत्तर प्रदेश के एनसीसी कैडेटों को भी RDC 2026 के दौरान विशेष सम्मान प्राप्त हुआ। इन कैडेटों ने राष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों को योजना के संबंध में ब्रीफिंग दी थी।
